

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र के बेल्डा और केल्हनपुर गांव में ऊर्जा निगम और विजिलेंस टीम की संयुक्त छापेमारी से हड़कंप मच गया। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए इस विशेष अभियान में 20 लोगों को अवैध रूप से बिजली इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया।


जानकारी के अनुसार देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम और ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने सुबह दोनों गांवों में एक साथ कार्रवाई शुरू की। अचानक हुई छापेमारी से गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


अधिकारियों ने बताया कि बेल्डा गांव में 12 लोगों और केल्हनपुर गांव में 8 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मामला सामने आया है। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


छापेमारी के दौरान कई लोग खुलेआम अवैध केबल डालकर बिजली का इस्तेमाल करते मिले। टीम ने मौके से अवैध तार, केबल और अन्य उपकरण कब्जे में ले लिए।

कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने टीम के सामने अपनी सफाई देने की कोशिश की, लेकिन विजिलेंस और ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए किसी की एक नहीं सुनी।


ऊर्जा निगम की एसडीओ अनिता सैनी ने कहा कि बिजली चोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग लगातार ऐसे अभियान चलाकर बिजली चोरी पर रोक लगाने का काम कर रहा है।


उन्होंने बताया कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आगे भी जिले में लगातार जांच अभियान चलाए जाएंगे।
ऊर्जा निगम की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में डर का माहौल है, जबकि विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

