नैनीताल में बीएससी छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस जांच में जुटी

नैनीताल में बीएससी छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस जांच में जुटी

स्थान :नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

Nainital की सरोवर नगरी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 20 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हनुमान मंदिर स्टाफ हाउस के पास स्थित डीएसबी कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही छात्रा ने देर रात अज्ञात कारणों के चलते गले में दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि छात्रा के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपनी मां व दादी के साथ रहती थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। वहीं नगर पालिका परिषद के सभासद रमेश प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाने का प्रयास किया।

परिवार के लोगों का कहना है कि छात्रा बेहद सीधी और शांत स्वभाव की थी, ऐसे में उसके द्वारा उठाया गया यह कदम सभी को हैरान कर रहा है। परिजन इस घटना को समझ नहीं पा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

फिलहाल घर पर लोगों का आना-जाना लगा हुआ है और हर कोई इस घटना पर दुख व्यक्त कर रहा है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।