

स्थान : पिथौरागढ़
ब्यूरो रिपोर्ट

Pithoragarh जिले में तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक कमांडर जीप गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 04:35 बजे जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि मूनाकोट वड्डा से करीब 12 किलोमीटर आगे Jhoolaghat मार्ग पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही SDRF टीम मुख्य आरक्षी प्रवेश नगरकोटी के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।


मौके पर पहुंचने पर पता चला कि कमांडर जीप (UA05 5382) बूरा गांव के पास अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। वाहन में चार स्थानीय लोग सवार थे, जो एक विवाह समारोह से वापस लौट रहे थे।


स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही तीन घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल भिजवा दिया था। वहीं एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
SDRF टीम ने दुर्गम हालात में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए मृतक के शव को स्ट्रेचर के माध्यम से गहरी खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शव को मुख्य मार्ग तक पहुंचाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।

घायलों की पहचान जगदीश बिष्ट (40), मोहन बिष्ट (40) और सचिन चंद (22) के रूप में हुई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान लक्की भंडारी (22) निवासी कोटभाल्डे के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।


