कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को तेज करने के निर्देश, मंत्री ने की समीक्षा

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को तेज करने के निर्देश, मंत्री ने की समीक्षा

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

Haridwar में आगामी Kumbh Mela 2027 के दिव्य और भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप कुंभ नगरी में विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को गति दी जा रही है।

इसी क्रम में प्रदेश के शहरी विकास मंत्री Ram Singh Kaida ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर मेला नियंत्रण भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कुंभ मेला से जुड़े सभी कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक में अवस्थापना विकास, निर्माणाधीन परियोजनाओं, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, घाटों के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था समेत श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कुंभ मेला-2027 राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में सरकार इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री ने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और व्यवस्थागत क्षमता का प्रतीक भी है। इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए, जिससे भविष्य में भी स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को लाभ मिलता रहे।

बैठक में मानसून को ध्यान में रखते हुए कार्यों की गति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि सभी विभाग मौसम की चुनौतियों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना बनाएं और निर्माण कार्यों में देरी न होने दें।

समीक्षा के दौरान पार्किंग, यातायात, शौचालय, साफ-सफाई और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीसीआर-2 भवन, सड़क, पुल और घाटों से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका, मुख्य नगर अधिकारी नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेला अधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हरिद्वार दौरे के दौरान मंत्री ने बैरागी कैंप में निर्माणाधीन नलकूपों और ओवरहेड टैंक का निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य आगामी 31 अक्टूबर तक पूर्ण कर लिए जाएं।