

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

बाज़पुर में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरमिंदर सिंह लाडी के नेतृत्व में किसानों, जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने विशाल धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य किसानों की लंबित समस्याओं और 8 सूत्रीय मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखना रहा।


धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों द्वारा हस्ताक्षरित एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा को सौंपा गया।


ज्ञापन में बाज़पुर क्षेत्र के 20 गांवों की भूमि पर भूमिधरी अधिकार दिए जाने की प्रमुख मांग उठाई गई। किसानों का कहना है कि वर्षों से वे भूमि अधिकारों से वंचित हैं, जिससे उनके आर्थिक और सामाजिक विकास में बाधा आ रही है।


इसके साथ ही किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, आग, आँधी और बारिश से फसलों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने तथा गन्ना मूल्य का लंबित भुगतान शीघ्र करने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।

किसानों ने यह भी मांग उठाई कि सीड प्लांट द्वारा खरीदे जाने वाले गेहूं की कीमत सरकारी दर से 100 रुपये अधिक दी जाए। साथ ही गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराने और विभिन्न वर्गों की भूमि का वर्ग समाप्त कर संक्रमणीय भूमिधरी अधिकार दिए जाने की मांग की गई।


इसके अलावा सिंचाई के लिए उपयोग होने वाले ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की भी मांग की गई। किसानों ने कहा कि बढ़ते कृषि खर्चों के बीच यह राहत बेहद आवश्यक है, ताकि खेती को लाभकारी बनाया जा सके।


सभा को हरमिंदर सिंह लाडी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, जोरावर भुल्लर, नवदीप जंग, दया किशोर जोशी, अनवर लाल सिंह सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। सभी ने किसानों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए सरकार से तत्काल समाधान की मांग की। हरमिंदर सिंह लाडी ने कहा कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


