देहरादून में महिला कांग्रेस का पोस्टकार्ड अभियान, 33% आरक्षण लागू करने की मांग

देहरादून में महिला कांग्रेस का पोस्टकार्ड अभियान, 33% आरक्षण लागू करने की मांग

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

महिला आरक्षण को लेकर देशभर में चल रहे पोस्टकार्ड अभियान के तहत उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए अनोखा विरोध दर्ज कराया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित जनरल पोस्ट ऑफिस पहुंचकर पोस्टकार्ड अभियान में भाग लिया।

इस दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टकार्ड लेकर 33% महिला आरक्षण लागू करने की मांग उठाई। इन पोस्टकार्ड्स को पोस्ट बॉक्स में डालकर प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा गया।

महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यह अभियान देशभर में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य केंद्र सरकार को महिला आरक्षण लागू करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है।

ज्योति रौतेला ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन के माध्यम से संविधान में बदलाव की कोशिश की और महिला आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाया कि यह विपक्ष के कारण लागू नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार वास्तव में महिला सशक्तिकरण के पक्ष में है, तो आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिला आरक्षण को लागू करना चाहिए। यही महिला कांग्रेस की प्रमुख मांग है।

महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक 33% आरक्षण लागू नहीं होता, तब तक इस तरह के अभियान और विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार से महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने और जल्द से जल्द महिला आरक्षण लागू करने की मांग दोहराई।