डोल आश्रम में श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम स्थापना महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी शामिल

डोल आश्रम में श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम स्थापना महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी शामिल

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

जनपद डोल स्थित श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम स्थापना महोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 1100 कन्याओं का पूजन कर माँ राजेश्वरी का अभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना करते हुए कार्यक्रम को आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

डोल आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थापित श्रीयंत्र का अवलोकन किया और वहां चल रही आध्यात्मिक गतिविधियों को भी देखा। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित विशाल श्रीयंत्र को देखकर एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है।

मुख्यमंत्री ने बाबा कल्याणदास जी की साधना और तपस्या की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह स्थल विश्व स्तर पर एक विशिष्ट पहचान बना चुका है। यह स्थान अब आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का प्रमुख केंद्र बन गया है।

उन्होंने कहा कि डोल आश्रम धार्मिक आस्था, साधना और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचकर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। यह स्थान लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में हर वर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या बेहतर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का परिणाम है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर घोड़के, सीडीओ रामजीशरण शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।