

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : हल्द्वानी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी पहुंचकर मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के प्रति सम्मान जताते हुए उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिससे कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल देखने को मिला।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 15 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और मंत्री खजान दास समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है, इसलिए उनका सम्मान और देखभाल बेहद जरूरी है।


इस अवसर पर सीएम धामी ने कोटाबाग क्षेत्र में एक आधुनिक वृद्धाश्रम बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों के बेहतर जीवन के लिए लगातार प्रयासरत है और उन्हें हर संभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की टेबल बुक ‘अभय उदय’ का भी विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे समाज कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी दिशा में राज्य सरकार भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बुजुर्गों के जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है।



राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल और असम के एग्जिट पोल का जिक्र करते हुए कहा कि जनता अब डबल इंजन सरकार के विकास मॉडल पर भरोसा जता रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों राज्यों में भाजपा की मजबूत सरकार बनेगी।


नैनीताल जिले में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि इस पर जवाबदेही तय की जाएगी और लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी स्थानों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। उन्होंने इसे सनातन आस्था की पवित्र यात्रा बताते हुए कहा कि यह यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुगम है।

