चमोली पुलिस ने सूरज पुरोहित हत्याकांड का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

चमोली पुलिस ने सूरज पुरोहित हत्याकांड का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

स्थान : चमोली
ब्यरो रिपोर्ट

अलकनंदा नदी में मिले शव के मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधीक्षक चमोली ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक सूरज पुरोहित की हत्या उसके परिचित नरेंद्र तोपाल ने की थी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

मृतक सूरज पुरोहित चमोली जिले के बमोथ गांव का रहने वाला था। वह नंदप्रयाग स्थित आरोपी के होटल में काम करता था। इसी दौरान दोनों के बीच 10 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नरेंद्र तोपाल ने सूरज पुरोहित से 10 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

घटना 16 फरवरी की बताई जा रही है, जब आरोपी ने नंदप्रयाग में एक कमरे के अंदर सूरज के सिर पर हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी ने उसे सफेद बैग में बंद कर अलकनंदा नदी में फेंक दिया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब 10 मार्च को लंगासू पुलिस चौकी के पास अलकनंदा नदी से एक शव बरामद किया गया। शव के हाथ पर ‘सूरज पुरोहित’ लिखा होने से उसकी पहचान हुई।

इसके बाद पुलिस ने 23 मार्च को मृतक की पत्नी की तहरीर पर कर्णप्रयाग थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की।

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर उसे सीज कर दिया गया है।

एसपी चमोली ने बताया कि मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप द्वारा 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।