नलनी ग्राम में शराब की दुकान के विरोध में 17वें दिन भी जारी धरना, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

नलनी ग्राम में शराब की दुकान के विरोध में 17वें दिन भी जारी धरना, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट

कालाढूंगी-नैनीताल मोटर मार्ग स्थित ग्राम पंचायत नलनी के घटगढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित मदिरा की दुकान के विरोध में ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन लगातार 17वें दिन भी जारी रहा। इस विरोध प्रदर्शन में महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।

प्रदर्शन स्थल पर बैठे ग्रामीणों ने एकजुट होकर शराब की दुकान खोले जाने का विरोध किया और इसे गांव के सामाजिक माहौल के लिए हानिकारक बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे किसी भी हाल में इस दुकान को खुलने नहीं देंगे।

धरने में शामिल महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। उनका कहना है कि लगातार दबाव बनाया जा रहा है और जबरन दुकान का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है, जिससे गांव की महिलाओं में भय का माहौल है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई भी अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचा है। इस उदासीनता को लेकर लोगों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मदिरा दुकान के स्वामी द्वारा माननीय न्यायालय को भी गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप है कि न्यायालय में यह बताया गया कि दुकान संचालित हो चुकी है, जबकि वास्तविकता में अभी तक वहां कोई दुकान शुरू नहीं हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की भ्रामक जानकारी देकर प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जो कि बेहद गंभीर मामला है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य रोकने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, और सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।