

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासत तेज हो गई है। चंपावत कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं।


फर्त्याल ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं की हितैषी है, तो उसे बिना किसी देरी के मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों के आधार पर महिला आरक्षण को तुरंत लागू करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस मुद्दे को परिसीमन से जोड़ने और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की कोशिशें पूरी तरह गलत हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया को लंबा खींचकर भाजपा राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार इससे छोटे राज्यों को भारी नुकसान होगा और देश का संघीय ढांचा कमजोर पड़ेगा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर भाजपा की मंशा पर सवाल उठते हैं, क्योंकि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पिछले 19 दिनों से धरने पर हैं, लेकिन सरकार या भाजपा नेताओं द्वारा उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर मामले पर भी भाजपा की महिला नेताओं की चुप्पी सवाल खड़े करती है।

फर्त्याल ने दावा किया कि महिला आरक्षण बिल 2023 में पारित हो चुका है और कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने इसका समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के अधिकारों के साथ खड़ी रही है और देश को पहली महिला प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति देने का श्रेय भी कांग्रेस को जाता है।

उन्होंने अंत में कहा कि कांग्रेस भाजपा के “महिला विरोधी मंसूबों” को सफल नहीं होने देगी।


