चमोली में नए ट्रैकिंग रूट को लेकर उम्मीदें तेज

चमोली में नए ट्रैकिंग रूट को लेकर उम्मीदें तेज

स्थान : चमोली (ज्योतिर्मठ)
ब्यरो रिपोर्ट

चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ प्रखंड में लार्ड कर्ज़न ट्रैक और कुंवारी पास ट्रैक को जोड़ने वाले एक नए वैकल्पिक ट्रैकिंग मार्ग के विकास की मांग तेज हो गई है। ग्राम पंचायत ढाक कुंडी खोला से गलखोली, गुलिंग कैम्प साइट होते हुए खुलारा लार्ड कर्ज़न मार्ग तक इस नए नेचर ट्रेल को विकसित करने की पहल की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिंद्र करणी ने जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंपकर वन विभाग और पर्यटन विभाग से स्थलीय निरीक्षण की मांग की थी।

ज्ञापन पर कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों की ओर से नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क क्षेत्र के अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित ट्रैक रूट का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मार्ग की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक संरचना और संभावनाओं का आकलन किया गया। अधिकारियों की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।

क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिंद्र करणी ने बताया कि यह मार्ग अत्यंत रमणीक और जैव विविधता से भरपूर है। ढाक, कुंडी खोला, गलखोली और गुलिंग से होकर गुजरने वाला यह ट्रेल पक्षी दर्शन और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र एडवेंचर और इको-टूरिज्म के लिहाज से अत्यंत उपयुक्त है, लेकिन अब तक इसे विभागीय स्तर पर विकसित नहीं किया गया है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस नए ट्रैकिंग रूट के खुलने से मौजूदा लार्ड कर्ज़न और कुंवारी पास ट्रैक पर बढ़ रहे पर्यटकों के दबाव को भी कम किया जा सकेगा। साथ ही यह वैकल्पिक मार्ग ट्रैकर्स को एक नया और शांत अनुभव प्रदान करेगा, जिससे क्षेत्र की पहचान और भी मजबूत होगी।

ग्रामीणों और युवाओं को इस परियोजना से बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं। उनका कहना है कि यदि यह ट्रैक विकसित होता है तो पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। गाइडिंग, पोर्टर सेवाएं, होम स्टे, घोड़ा-खच्चर संचालन और ट्रांसपोर्ट जैसे क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को आजीविका मिलेगी।

फिलहाल सभी की नजरें वन विभाग और पर्यटन विभाग की आगे की कार्यवाही पर टिकी हैं। यदि यह परियोजना धरातल पर उतरती है तो ढाक कुंडी खोला क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिल सकती है, साथ ही पलायन पर भी रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।