ग्राम बेरिया दौलत स्थित मां बाल सुंदरी मंदिर में चोरी, दान पात्र से नगदी साफ

ग्राम बेरिया दौलत स्थित मां बाल सुंदरी मंदिर में चोरी, दान पात्र से नगदी साफ

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

ग्राम बेरिया दौलत स्थित रेलवे स्टेशन कॉलोनी में बीती देर रात एक धार्मिक स्थल पर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार अज्ञात चोर ने मां बाल सुंदरी जी के मंदिर को निशाना बनाया। चोर ने मंदिर में रखे दान पात्र को तोड़कर उसमें रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना की यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही चोर को चिन्हित कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। स्थानीय निवासियों ने मंदिर जैसी धार्मिक जगह पर हुई चोरी को बेहद निंदनीय बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।