हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियों को गति, नए आईजी और एसएसपी ने लिया कार्यभार

हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियों को गति, नए आईजी और एसएसपी ने लिया कार्यभार

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कुंभ 2027 को लेकर नवनियुक्त आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने शनिवार को गंगा पूजन कर विधिवत अपने कार्यभार की शुरुआत की। यह अवसर कुंभ की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यभार संभालने के बाद आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कुंभ मुख्यमंत्री का एक प्रमुख विजन है और उनकी कोशिश रहेगी कि श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ 2027 में लाखों की संख्या में श्रद्धालु हिस्सा लेंगे, इसलिए हर कदम योजनाबद्ध तरीके से उठाना होगा।

आईजी रावत ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था उनकी प्राथमिकता में सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की टीम इस बार आधुनिक तकनीकों और स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम का उपयोग करेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।

यातायात व्यवस्था पर आईजी ने कहा कि यह हमेशा से चुनौतीपूर्ण रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईवे, ओवरब्रिज और नई सड़कों को ध्यान में रखते हुए एक व्यापक प्लान तैयार किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को जाम या अन्य असुविधाओं का सामना न करना पड़े।

एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने कहा कि पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग एक साथ मिलकर कुंभ को व्यवस्थित और परेशानी मुक्त बनाने में जुटेंगे।

आईजी और एसएसपी ने गंगा पूजन के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की योजना तभी सफल होगी जब हर नागरिक और आगंतुक नियमों का पालन करे और सुरक्षा में सहयोग दे।

कुंभ 2027 की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रशासन समय-समय पर बैठकें करेगा। अधिकारियों का कहना है कि इस बार के कुंभ में हर स्तर पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे, ताकि आयोजन विश्वस्तरीय और श्रद्धालुओं के लिए यादगार बने।