होर्मुज में तनाव बढ़ा, अमेरिका ने केशम आईलैंड पर किया हमला

होर्मुज में तनाव बढ़ा, अमेरिका ने केशम आईलैंड पर किया हमला

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। ईरान द्वारा जहाजों से टोल वसूली और अमेरिकी व इजरायली गतिविधियों के बीच अब जंग के संकेत सामने आए हैं।

जानकारी के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान के केशम आईलैंड पर हमला किया है। सैटेलाइट तस्वीरों में द्वीप पर बंदरगाह के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की पुष्टि हुई है। रॉयटर्स ने कोपरनिकस सेंटिनल-2 की तस्वीरों का हवाला देते हुए बताया कि गुरुवार से शुक्रवार के बीच पोर्ट पर धुआं उठता देखा गया।

केशम फ्री ज़ोन के अधिकारियों के अनुसार, बहमन कमर्शियल बंदरगाह और दोहा मछली पकड़ने वाले घाट के कुछ हिस्सों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने बताया कि यह हमला बंदरगाह के बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर किया गया।

ईरान ने दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने केशम द्वीप पर अमेरिकी लड़ाकू विमान को निशाना बनाया। हालांकि अमेरिका ने इसे खारिज करते हुए कहा कि उसका कोई विमान निशाने पर नहीं था और ईरान बार-बार झूठ बोल रहा है।

केशम आईलैंड ईरान के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। यहां से गुजरने वाले जहाजों को ईरान की IRGC से अनुमति लेनी पड़ती है और कुछ तेल से भरे जहाजों से टोल टैक्स वसूला जाता है। ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को धमकी दी है कि अगर समझौता नहीं हुआ तो ईरान के सभी बुनियादी ढांचे ध्वस्त कर दिए जाएंगे। हाल ही में अमेरिका ने ईरान के सबसे बड़े पुल को भी ध्वस्त कर दिया है।

केशम आईलैंड 558 वर्ग मील में फैला है और भूमिगत मिसाइल शहर से मजबूत बनाया गया है। शांति काल में यह पर्यटन स्थल है, जहां नमक की गुफाएं और पुराने किलेबंदी के अवशेष मौजूद हैं।