नैनीताल में वीआईपी कल्चर महंगा पड़ा, विधायक पुत्र की कार सीज

नैनीताल में वीआईपी कल्चर महंगा पड़ा, विधायक पुत्र की कार सीज

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी समेत उत्तराखंड की शांत वादियों में हाल ही में वीआईपी कल्चर और नियम उल्लंघन का एक वाक्या सामने आया। मालरोड पर हुए जाम के दौरान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल के पुत्र राहुल पटेल की कार सीज कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, राहुल पटेल नैनीताल घूमने आए थे। जाम के दौरान उन्होंने बिना किसी आपात स्थिति के अपनी कार में हूटर बजाना शुरू कर दिया, जिससे सड़क पर तनाव की स्थिति बन गई।

मौके पर मौजूद एसडीएम ने हूटर की आवाज सुनकर वाहन को रोकवाया और चालक से पूछताछ की। इस दौरान विधायक पुत्र ने गलती स्वीकार करने के बजाय प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी।

पुलिस और प्रशासन की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया गया और चालान काटा गया।

बताया जा रहा है कि अब वाहन को छुड़ाने के लिए संबंधित पक्ष को कानूनी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रशासन ने यह कार्रवाई नैनीताल में वीआईपी कल्चर के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में की है।

एसआई सुनील कुमार ने बताया कि फॉर्च्यूनर वाहन यूपी33वी 0003 को सीज कर दिया गया है और वाहन स्वामी सुरेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।

इस घटना ने स्थानीय नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों में यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि चाहे व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, नैनीताल में कानून और यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।