विष्णुप्रयाग में युवक ने अलकनंदा में लगाई छलांग, SDRF ने बचाई जान

विष्णुप्रयाग में युवक ने अलकनंदा में लगाई छलांग, SDRF ने बचाई जान

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

बद्रीनाथ हाईवे पर ज्योतिर्मठ और पांडुकेश्वर के बीच विष्णुप्रयाग के पास ट्या पुल से एक युवक द्वारा अलकनंदा नदी में छलांग लगाने से हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस और एसडीआरएफ की तत्परता से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पुल से छलांग लगाने के बाद नदी के तेज बहाव में बहता हुआ बीच धारा में एक बड़े पत्थर में फंस गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही जोशीमठ से एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक कुलदीपक पांडे के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस और एसडीआरएफ ने बिना देर किए संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने रोप रेस्क्यू उपकरण और लाइफ जैकेट की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान टीम को तेज बहाव और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

रेस्क्यू के बाद युवक को गोविंदघाट पुलिस के सुपुर्द किया गया और प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

युवक की पहचान मोनिश (25 वर्ष) निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर आया था।

हालांकि बद्रीनाथ के कपाट अभी बंद हैं, ऐसे में युवक के यहां आने और पुल से छलांग लगाने को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।