जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने शीतऋतु की तैयारियों के लिए की व्यापक समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने शीतऋतु की तैयारियों के लिए की व्यापक समीक्षा बैठक

स्थान – देहरादून

रिपोर्टर – सचिन कुमार

जनपद में आगामी शीतऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जनपदीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड के दौरान लोगों की सुरक्षा और राहत की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम, तहसीलदार और ईओ नगर पालिका सुनिश्चित करें कि ठंड से प्रभावित नागरिकों के लिए रैन बसेरा, कंबल, बिस्तर, भोजन और हीटर की पर्याप्त व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि उपचार की आवश्यकता वाले व्यक्तियों को तत्काल मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जाए और मुख्य स्थलों पर अलाव की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जनपद के 6 रैन बसेरों में उपलब्ध 66 बेड की फोटो तुरंत उपलब्ध कराई जाए और जहाँ जरूरत हो साइनेज शीघ्र लगाया जाए। इसके साथ ही आवारा पशुओं की देखभाल पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने डीएसओ मनोज डोभाल को निर्देशित किया कि स्नो-कवर्ड क्षेत्रों, विशेषकर कनाताल और धनोल्टी के आसपास, खाद्यान्न आपूर्ति सुचारू और बाधारहित रहे। डीडीएमओ को जनपद में तैनात जेसीबी की लोकेशन सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहेगा और किसी भी कठिनाई या आपात स्थिति में तुरंत राहत कार्य सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि जनता को ठंड से होने वाली परेशानियों से बचाया जा सके।