दिल्ली के पर्यटक मसूरी में हादसे का शिकार – 70 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, बाल-बाल बचे सभी यात्री

दिल्ली के पर्यटक मसूरी में हादसे का शिकार – 70 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, बाल-बाल बचे सभी यात्री

स्थान – कैम्पटी (धनोल्टी)

दिल्ली से आए पर्यटकों की कार 70 मीटर गहरी खाई में गिरी, तीन गंभीर रूप से घायल

सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दिल्ली से घूमने आए पर्यटकों की कार खाई में जा गिरी। यह घटना मसूरी के ख्यार्सी बैण्ड बाईपास से लगभग दो किलोमीटर आगे एक तीखे मोड़ पर हुई, जहां कार संख्या DL 10 CJ 7457 (इको स्पोर्ट्स) अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा समाई।

सूचना मिलते ही थाना कैम्पटी पुलिस प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में बचाव दल और आपदा राहत टीम घटनास्थल पर पहुंची।

कार में सवार पाँच पर्यटक दिल्ली से कैम्पटी फॉल घूमकर लौट रहे थे। वाहन को पार्थ सिंह (34), निवासी उत्तम नगर, नई दिल्ली चला रहे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मोड़ पर नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ।

हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से सभी घायलों को राजकीय चिकित्सालय, मसूरी पहुंचाया गया।

चिकित्सकों के अनुसार, तीन घायलों की स्थिति गंभीर है:

  • पार्थ सिंह (34), उत्तम नगर, दिल्ली
  • बिट्टू कुमार सिंह (28), गोपालगंज, बिहार
  • विकास शर्मा (32), डिबई, बुलन्दशहर

तीनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है। अन्य दो घायलों – सुभाष कुमार (29), उत्तम नगर, दिल्ली और आकाश सिंह (32), सूरत, गुजरात को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। गनीमत रही कि इतने गंभीर हादसे के बावजूद कोई जानहानि नहीं हुई।